करवा चौथ का व्रत महिलाओं का सर्वप्रिय व्रत माना जाता है। यह स्त्रियों मे प्रेम, आकर्षण तथा आत्म सम्मान का बेहद सूचक प्रतीत होता है। वैसे तो प्रत्येक माह की चतुर्थी को गणेशजी के साथ चन्द्रदेव का पूजन किया ही जाता है। करवा चौथ चांद को देखकर खुशहाली व्यक्त करने का यह महत्वपूर्ण त्यौहार है। पति की दीर्घायु की कामना भी इसी व्रत के माध्यम से की जाती है। नव विवाहित बहू के लिए करवा चौथ का व्रत बेहद उत्साहजनक होता है। बहू के करवा चौथ व्रत पर सास, ननद तथा परिवार के अन्य सदस्य भी नई बहू का सहयोग किसी ना किसी रुप मे करते हैं। बहू को बड़े बुजुर्गों का आशीष भी मिलता है। यह व्रत प्रेम की नवीन अवधारणा का प्रतीक भी है। यह व्रत सुख, सौभाग्य तथा सन्तान देने वाला भी है। यह व्रत प्रेम, पारिवारिक एकता और संस्कृति की विरासत को भी प्रतीक है। समयबद्ध व्रत की तैयारियां भी इसे बहुत महत्वपूर्ण बनाती हैं। सूर्योदय से पहले ही स्त्रियां अपने पारिवारिक लोगों, इष्टमित्रों के साथ पूजन प्रारम्भ कर देती हैं। यह व्रत निर्जला है अर्थात् बगैर पानी पिये रहा जाता है। नव विवाहिता के मेंहदी भरे हाथ तथा कलाई मे लाल चूड़ियां दमकती हुयी सिन्दूर से भरी मांग तथा माथे पर लाल बिन्दी लगाकर सुहागिने जब पूजन अर्चन करती हैं तो पति का सौभाग्य के साथ-साथ पूरे परिवार का विश्वास भी अर्जित कर लेती हैं। धर्म शास्त्रों के अनुसार नवविवाहिता के घर (पीहर) से चौहद चीनी करवों, बर्तनों, कपड़े तथा गेहूं के साथ बायना भी भेजा जाता है, यह लोकरीति के प्रचलन मे है।
कब मनाये करवा चौथः –
कार्तिक मास, कृष्ण पक्षी की चतुर्थी, 29 अक्टूबर बृहस्पतिवार को है। चतुर्थी तिथि का भोग काल रात्रि मे 02 बजकर 11 मिनट तक है। चन्द्रोदय भी रात्रि मे 07 बजकर 57 मिनट पर है। चन्द्रोदय के उपरान्त ही चन्द्रमा अर्घ्य दिया जाता है। यह सुखद संयोग है कि शुभप्रद नक्षत्र रोहिणी भी है। महिलाओं की सर्वप्रिय राशि वृष का भोग काल भी रात्रि में 06 बजकर 17 मिनट से प्रारम्भ होकर 08 बजकर 13 मिनट तक है। यह भी सौभाग्य की बात है कि ललिता चतुर्थी तथा दशरथ चतुर्थी का व्रत भी बृहस्पतिवार को है। यह करवा चौथ करवा व्रत रहने वाली स्त्रियों के लिये बेहद महत्वपूर्ण तथा सर्वमनोकामना पूरी करने वाला होगा।
व्रत के दिन क्या करें:-
1. व्रत करने वाली स्त्रियों का अधिक से अधिक सहयोग करें।
2. निर्जल व्रत होने के कारण व्रती को किसी भी तरह के व्यर्थ वार्तालाप मे शामिल ना करें।
3. चन्द्रोदय के उपरान्त ही जल ग्रहण किया जाता है ऐसी स्थिति मे व्रती को घरेलू कामकाज से दूर रखें।
4. व्रत मे गणेश जी के साथ शिव, पार्वती, कार्तिकेय तथा चन्द्र जी का पूजन भी पूर्ण मनोयोग से करना उत्तम होगा।
5. पूजन के साथ करवा चौथ की कथाओं का श्रवण अवश्य करें। मन से तथा आचार व्यवहार आदि से ईश्वर के समीप रहें ताकि करवा चौथ का व्रत सहजता के साथ सम्पन्न हो।
Pt Anand Awasthi
पटेल नगर कालोनी बछरावां,
रायबरेली डी-79, साउथ सिटी, लखनऊ